AIN NEWS 1 | अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने फिर से दुनिया के सबसे बड़े द्वीप, ग्रीनलैंड को खरीदने की इच्छा जताई है। उन्होंने पहली बार 2019 में अपने पहले कार्यकाल के दौरान ग्रीनलैंड खरीदने पर विचार किया था, लेकिन डेनमार्क ने इसे खारिज कर दिया।
ग्रीनलैंड डेनमार्क का स्वशासित क्षेत्र है और रणनीतिक रूप से उत्तरी अमेरिका और यूरोप के बीच स्थित है। यह द्वीप दुर्लभ खनिजों के भंडार और अमेरिकी सुरक्षा के लिए महत्वपूर्ण है।
अमेरिका की क्षेत्र खरीदने की इतिहास और कीमतें
अमेरिका ने पहले भी कई बड़े क्षेत्रों को खरीदा है:
- अलास्का (1867): अमेरिका ने रूस से 586,412 वर्ग मील क्षेत्रफल वाले अलास्का को $7.2 मिलियन में खरीदा था। आज की कीमत के हिसाब से यह $153.5 मिलियन के बराबर है।
- यूएस वर्जिन आइलैंड्स (1917): डेनमार्क से $25 मिलियन में खरीदा गया, जो आज के हिसाब से $616.2 मिलियन होता।
- लुइसियाना (1803): फ्रांस से $15 मिलियन में खरीदा गया, जो आज $418.8 मिलियन के बराबर है।
ग्रीनलैंड का क्षेत्रफल 836,000 वर्ग मील है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इसकी कीमत अलास्का की तुलना में 50% अधिक हो सकती है, जो $230.25 मिलियन तक पहुंच सकती है।
1946 में भी हुई थी ग्रीनलैंड खरीदने की कोशिश
यह पहली बार नहीं है जब अमेरिका ने ग्रीनलैंड को खरीदने की कोशिश की हो। 1946 में, अमेरिका ने ग्रीनलैंड को $100 मिलियन (आज के $1.6 बिलियन) के बदले खरीदने का प्रस्ताव रखा था। हालांकि, यह सौदा भी नहीं हो सका।
ग्रीनलैंड में अमेरिका की रुचि क्यों?
- रणनीतिक लोकेशन: ग्रीनलैंड उत्तरी अमेरिका और यूरोप के बीच का सबसे छोटा मार्ग है।
- खनिज भंडार: बैटरी और हाई-टेक उपकरणों के निर्माण में इस्तेमाल होने वाले दुर्लभ खनिज यहां प्रचुर मात्रा में हैं।
- सुरक्षा: ग्रीनलैंड पर अमेरिकी सैन्य अड्डा है, जो चीन और रूस के जहाजों पर नजर रखने में मदद करता है।
ट्रंप ने कहा कि ग्रीनलैंड अमेरिका के आर्थिक और सैन्य सुरक्षा के लिए महत्वपूर्ण है।
क्या ग्रीनलैंड को खरीदना आसान है?
ग्रीनलैंड 600 वर्षों से डेनमार्क का हिस्सा है और वर्तमान में यह अर्ध-स्वायत्त क्षेत्र के रूप में काम करता है।
- डेनमार्क की प्रधानमंत्री मेटे फ्रेडरिकसेन ने स्पष्ट किया कि “ग्रीनलैंड बिक्री के लिए नहीं है।”
- ग्रीनलैंड के प्रधानमंत्री म्यूट एगेड भी इस विचार के खिलाफ हैं। हालांकि, वह ग्रीनलैंड की स्वतंत्रता का समर्थन करते हैं।
2019 में डेनमार्क द्वारा ग्रीनलैंड की बिक्री को खारिज करने के बाद ट्रंप ने अपनी डेनमार्क यात्रा रद्द कर दी थी।
ग्रीनलैंड की आबादी और स्थिति
- ग्रीनलैंड की कुल जनसंख्या केवल 57,000 है।
- इसकी 2021 की जीडीपी $3.24 बिलियन थी।
- स्थानीय आबादी ही ग्रीनलैंड के भविष्य का फैसला कर सकती है।
डेनमार्क और ग्रीनलैंड के नेताओं का कहना है कि यह द्वीप डेनमार्क और ग्रीनलैंड के नागरिकों का है, और इसे बेचना संभव नहीं है।