नमस्कार,
कल की बड़ी खबर किसान आंदोलन से जुड़ी रही, किसानों ने केंद्र सरकार का वह प्रस्ताव खारिज कर दिया, जिसमें सिर्फ 5 फसलों पर MSP देने की बात कही गई थी। एक खबर MP के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ की रही, उन्होंने BJP में शामिल होने की अटकलों पर विराम लगा दिया है।
लेकिन कल की बड़ी खबरों से पहले आज के प्रमुख इवेंट्स, जिन पर रहेगी नजर…
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जाएंगे। वे AIIMS का उद्घाटन करने के बाद 30 हजार करोड़ की योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण करेंगे।
- महाराष्ट्र विधानसभा में दो दिन का विशेष सत्र बुलाया गया है। इसमें मराठा आरक्षण पर प्रस्ताव पेश किया जाएगा।
अब कल की बड़ी खबरें…
1. किसानों ने 5 फसलों पर MSP का प्रस्ताव ठुकराया, 21 फरवरी को दिल्ली कूच करेंगे
शंभू बॉर्डर पर 7 दिन से आंदोलन कर रहे किसानों ने MSP पर केंद्र सरकार का प्रस्ताव ठुकरा दिया। सरकार ने चौथे दौर की बैठक में 5 फसलों पर MSP देने का प्रस्ताव रखा था। इनमें कपास, मक्का, मसूर, अरहर और उड़द शामिल हैं। किसानों की मांग है कि सरकार 23 फसलों पर MSP की गारंटी दे। ऐसा न होने पर 21 फरवरी को दिल्ली कूच किया जाएगा।
सरकार पर आरोप: किसान नेता सरवण पंधेर ने कहा- सरकार की नीयत में खोट है। इनकी नीति ठीक नहीं है। हमारी मांग है कि सरकार 23 फसलों पर MSP गारंटी कानून बनाए। जो फसलें रह जाएंगी, उन पर स्टडी के बाद हमें लीगल गारंटी का कानून चाहिए।
2. भाजपा में नहीं जा रहे कमलनाथ, दिल्ली में कांग्रेस नेताओं के साथ बैठक की
MP के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ और उनके सांसद बेटे नकुलनाथ BJP में शामिल नहीं हो रहे हैं। दिल्ली में कांग्रेस नेताओं ने कमलनाथ के साथ मीटिंग की। जिसके बाद पूर्व मंत्री सज्जन वर्मा ने कहा कि कमलनाथ के BJP में जाने की बात मीडिया की उपज है। वहीं MP कांग्रेस में टूट की खबरों के बाद प्रदेश प्रभारी भंवर जितेंद्र सिंह पार्टी नेताओं से मुलाकात करेंगे। वे आज भोपाल में कांग्रेस विधायकों से वन टु वन बातचीत करेंगे।
3. चंडीगढ़ मेयर चुनाव: SC ने बैलट पेपर मंगाए, चुनाव अधिकारी से पूछा- बैलट पर निशान क्यों लगाया था
सुप्रीम कोर्ट ने चंडीगढ़ मेयर चुनाव दोबारा कराए जाने की जगह नई व्यवस्था की है। साथ ही बैलट पेपर कोर्ट में पेश करने के निर्देश दिए हैं। अदालत ने कहा कि मौजूदा बैलट पेपर्स की गिनती कर मेयर का चुनाव किया जाए। इसमें उन बैलट पेपर्स को भी शामिल किया जाएगा, जिन पर पूर्व रिटर्निंग ऑफिसर अनिल मसीह ने निशान लगाए हैं। अदालत ने मसीह से बैलट पेपर्स पर क्रॉस का निशान लगाने की वजह पूछी और कहा कि आप पर अलग केस चलना चाहिए। इस पर मसीह ने कहा कि उन्होंने 8 खराब बैलट पेपर पर निशान लगाए थे।
4. संदेशखाली मामले की CBI जांच की अर्जी खारिज, सुप्रीम कोर्ट ने कहा- हाईकोर्ट ऑर्डर देगा
सुप्रीम कोर्ट ने पश्चिम बंगाल के संदेशखाली मामले की CBI जांच की मांग वाली याचिका खारिज कर दी। अर्जी में महिलाओं ने मणिपुर हिंसा पर सुप्रीम कोर्ट की चिंता का हवाला भी दिया था। इस पर अदालत ने कहा कि संदेशखाली मणिपुर नहीं है। हाईकोर्ट ने स्वत: संज्ञान लिया है, वे ही इस मामले पर ऑर्डर देंगे।
5. राहुल की यात्रा में नहीं पहुंचे अखिलेश, कहा- सीट बंटवारे के बाद शामिल होंगे
सपा प्रमुख अखिलेश यादव अमेठी में कांग्रेस की यात्रा में शामिल नहीं हुए। उन्होंने कहा कि इसमें तब तक शामिल नहीं होंगे, जब तक कि सीट शेयरिंग पर फैसला नहीं हो जाता। आज भारत जोड़ो न्याय यात्रा रायबरेली पहुंचेगी। सपा ने कांग्रेस को 17 लोकसभा सीटें ऑफर की हैं। इससे 23 दिन पहले 11 सीटें ऑफर की थी।
6. कोटा में बीटेक स्टूडेंट ने सुसाइड किया, पापा को फोन कर बोला था- जिंदगी से परेशान हो गया हूं
कोटा में B Tech स्टूडेंट ने घर पर कमरे में फंदा लगाकर सुसाइड कर लिया। उस समय परिवार के सदस्य एक शादी में लखनऊ गए हुए थे। स्टूडेंट घर में अकेला था। सुसाइड करने से पहले उसने पिता को फोन कर कहा था- पापा मैं जिंदगी से परेशान हो गया हूं।
7. पासपोर्ट रैंकिंग में भारत 5 पायदान फिसलकर 85वें स्थान पर पहुंचा, 62 देशों में वीजा फ्री एंट्री
हेनली एंड पार्टनर्स ने साल 2024 के लिए सभी देशों की पासपोर्ट रैंकिंग जारी की। भारत इसमें पांच पायदान फिसलकर 85वें नंबर पर पहुंच गया है। हालांकि, भारतीय नागरिक 62 देशों में बिना वीजा के ट्रैवल कर सकते हैं।
टॉप 5 रैंकिंग में यूरोपीय देश: पासपोर्ट रैंकिंग में शुरुआती 5 पायदान पर यूरोपियन देशों का दबदबा है। पड़ोसी देश पाकिस्तान के पास दुनिया का चौथा सबसे कमजोर पासपोर्ट है। उसकी पासपोर्ट रैंकिंग 106 है। यहां के नागरिक 34 देशों में वीजा फ्री ट्रैवल कर सकते हैं।