AIN NEWS 1नोएडा, 21 जून । अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को नोएडा और ग्रेटर नोएडा योगमय नजर आए। सुबह की पहली किरण के साथ ही शहर के विभिन्न पार्कों, विद्यालयों, सामुदायिक केंद्रों और आवासीय सोसायटियों में योग शिविरों का आयोजन किया गया, जहां हजारों लोगों ने सामूहिक योगाभ्यास में भाग लेकर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया। जिला प्रशासन, विभिन्न सामाजिक संगठनों, आरडब्ल्यूए, अपार्टमेंट ओनर्स एसोसिएशन (AOA) तथा योग प्रशिक्षकों के संयुक्त प्रयासों से शहरभर में योग दिवस को उत्सव के रूप में मनाया गया।


सेक्टर-12 स्थित सरस्वती शिशु मंदिर परिसर में आयोजित योग कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, महिलाएं, युवा और बच्चों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम के दौरान योग शिक्षिका राजबाला शर्मा के मार्गदर्शन में प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन और प्राणायाम का अभ्यास कराया गया। उन्होंने योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने पर बल देते हुए कहा कि नियमित योगाभ्यास शारीरिक स्वास्थ्य के साथ मानसिक संतुलन बनाए रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

सेक्टर-46 स्थित गार्डेनिया ग्लोरी सोसाइटी में भी योग दिवस का आयोजन विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। योग प्रशिक्षिका सीमा रानी के नेतृत्व में आयोजित सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम में 100 से अधिक लोगों ने भाग लिया। बच्चों से लेकर वरिष्ठ नागरिकों तक सभी आयु वर्ग के लोगों ने उत्साहपूर्वक योग किया। कार्यक्रम की शुरुआत वैदिक मंत्रोच्चार और वार्म-अप सत्र से हुई, जिसके बाद प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन और प्राणायाम का अभ्यास कराया गया।
सीमा रानी पिछले कई वर्षों से सोसाइटी में योग जागरूकता अभियान चला रही हैं। वर्ष 2018 से लगातार आयोजित हो रहे इस कार्यक्रम ने अब एक परंपरा का रूप ले लिया है। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि योग केवल एक दिन का आयोजन नहीं, बल्कि जीवनभर स्वस्थ रहने का मार्ग है। उन्होंने लोगों से नियमित योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
गार्डेनिया ग्लोरी के कार्यक्रम की विशेषता यह रही कि योग सत्र के समापन पर सभी प्रतिभागियों को तुलसी के पौधे वितरित किए गए। आयोजकों के अनुसार इसका उद्देश्य स्वास्थ्य जागरूकता के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश देना था। प्रतिभागियों ने पौधे ग्रहण कर पर्यावरण संरक्षण और हरित जीवनशैली को बढ़ावा देने का संकल्प लिया।

सेक्टर-34 में वरिष्ठ योग शिक्षिका गीता गुप्ता के सान्निध्य में आयोजित योग शिविर में बड़ी संख्या में स्थानीय निवासी शामिल हुए। कार्यक्रम में विशेष रूप से महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों की भागीदारी देखने को मिली। योग सत्र के दौरान लोगों को शारीरिक लचीलापन बढ़ाने, तनाव कम करने और जीवनशैली से जुड़ी बीमारियों से बचाव के उपाय बताए गए।

सेक्टर-75 स्थित गोल्फ एवेन्यू-1 सोसाइटी में योग प्रशिक्षिका अलका चौहान ने निवासियों को आधुनिक जीवनशैली से उत्पन्न तनाव और स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियों से निपटने के लिए विशेष योग क्रियाओं का अभ्यास कराया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवाओं और कामकाजी पेशेवरों ने भाग लिया।
ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित गौर सौन्दर्यम सोसाइटी में योग प्रशिक्षिका शिप्रा राम गौर के निर्देशन में सैकड़ों लोगों ने सामूहिक रूप से कपालभाति, अनुलोम-विलोम और ध्यान का अभ्यास किया। प्रतिभागियों ने कहा कि नियमित योगाभ्यास से शारीरिक ऊर्जा के साथ मानसिक सकारात्मकता भी बढ़ती है।
चेरी काउंटी सोसाइटी में योग शिक्षिका सुषमा के मार्गदर्शन में विशेष योग शिविर का आयोजन किया गया। इस दौरान बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों को रीढ़ की हड्डी, जोड़ों और मांसपेशियों से जुड़ी समस्याओं से राहत दिलाने वाले योगासनों का अभ्यास कराया गया। वहीं गौर सिटी में मुन्नी देवी के नेतृत्व में आयोजित योग कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लिया। उन्होंने महिलाओं को अपने स्वास्थ्य के लिए प्रतिदिन कुछ समय निकालने का संकल्प दिलाया।
नोएडा और ग्रेटर नोएडा के विभिन्न क्षेत्रों में आयोजित इन कार्यक्रमों ने यह स्पष्ट कर दिया कि योग अब केवल एक पारंपरिक अभ्यास नहीं बल्कि लोगों की जीवनशैली का महत्वपूर्ण हिस्सा बनता जा रहा है। सभी आयोजनों का समापन विश्व शांति, स्वस्थ समाज और निरोग जीवन की कामना के साथ हुआ। प्रतिभागियों ने सामूहिक रूप से यह संकल्प लिया कि योग को केवल एक दिवस तक सीमित न रखकर नियमित दिनचर्या का हिस्सा बनाया जाएगा, ताकि स्वस्थ और सशक्त समाज के निर्माण में योगदान दिया जा सके।


















