AIN NEWS 1 गाजियाबाद। राजनगर एक्सटेंशन में आयोजित 5वें विशाल कांवड़ सेवा शिविर एवं भंडारे के दूसरे दिन आस्था और सेवा के साथ समाजसेवियों के सम्मान का भी आयोजन किया गया। ‘हर-हर महादेव’ और ‘बम-बम भोले’ के जयघोष के बीच बड़ी संख्या में शिवभक्तों ने शिविर में पहुंचकर प्रसाद ग्रहण किया। इस दौरान शहर के विभिन्न समाजसेवियों और गणमान्य नागरिकों को उनके सामाजिक योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
शिविर के मुख्य आयोजक संदीप शर्मा ने बताया कि कांवड़ सेवा शिविर का आयोजन 5 अगस्त से 11 अगस्त तक किया जा रहा है। इसका उद्देश्य यात्रा के दौरान शिवभक्त कांवड़ियों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना और उनकी सेवा करना है।
उन्होंने बताया कि शिविर में कांवड़ियों के ठहरने और विश्राम के साथ शुद्ध भोजन, पेयजल और प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं की नि:शुल्क व्यवस्था की गई है। यह आयोजन श्री कृष्णा प्रॉपर्टीज और प्लेटिनम-321 सोसायटी के सौजन्य से किया जा रहा है।

समाजसेवियों को स्मृति चिह्न देकर किया सम्मानित
शिविर के दूसरे दिन आयोजित सम्मान समारोह में पूर्व राज्य मंत्री एवं वरिष्ठ भाजपा नेता तथा सैल्यूट तिरंगा के संगठन महामंत्री सचिदानंद पोखरियाल, समाजसेवी सुभाष प्रधान, शाश्वत सनातन सेवा संस्थान के अध्यक्ष एडवोकेट मुकेश मित्तल, महासचिव पंकज गोयल, डॉ. नरेंद्र दयानी, सीए विनीत गोयल, विजय अरोड़ा, प्रीतपाल सिंह खोसला और मोहित चौधरी सहित कई समाजसेवियों को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया।
सम्मानित अतिथियों ने आयोजक संदीप शर्मा और उनकी टीम की ओर से की जा रही कांवड़ियों की सेवा की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस तरह के धार्मिक और सामाजिक आयोजन भारतीय संस्कृति में सेवा की परंपरा को आगे बढ़ाने के साथ समाज में एकता और सहयोग की भावना को मजबूत करते हैं।

धार्मिक झांकियां बनीं आकर्षण का केंद्र
कार्यक्रम के दौरान प्रस्तुत धार्मिक झांकियां भी श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहीं। शिविर में पहुंचे लोगों ने झांकियों का आनंद लिया और कांवड़ियों की सेवा में सहयोग किया।
ग्राम अटौर के पूर्व प्रधान प्रत्याशी विजय शर्मा ने कहा कि कांवड़ सेवा जैसे आयोजन समाज में आपसी भाईचारे, समरसता और धार्मिक आस्था को मजबूती प्रदान करते हैं। उन्होंने क्षेत्रवासियों से शिविर में पहुंचकर कांवड़ियों की सेवा में सहयोग करने और प्रसाद ग्रहण करने की अपील की।
इस अवसर पर सागर शर्मा, सुमित शर्मा, दीपू शर्मा, प्रज्वल शर्मा, कार्तिक शर्मा और अवध भारद्वाज सहित बड़ी संख्या में स्थानीय निवासी एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। आयोजकों और उपस्थित लोगों ने शिवभक्त कांवड़ियों की सेवा के संकल्प को आगे बढ़ाने का संदेश दिया।



















