नमस्कार,
कल की बड़ी खबर कॉमर्शियल LPG सिलेंडर की सप्लाई फिर से शुरू होने को लेकर है। वहीं होर्मुज से दो भारतीय जहाज भारत निकल चुके हैं। वहीं, दूसरी खबर यूपी में दरोगा भर्ती के एग्जाम में पूछे गए सवाल पर है।
आज का प्रमुख इवेंट:
- गृह मंत्री अमित शाह दो दिन के असम दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वो भारत-बांग्लादेश सीमा के पास कटिगोरा क्षेत्र के नतनपुर गांव का भी दौरा करेंगे।
कल की बड़ी खबरें:
5 दिन बाद कॉमर्शियल LPG सिलेंडर की सप्लाई बहाल, कई जगह एजेंसियों पर लगी लंबी लाइनें

सरकार ने पांच दिन बाद कॉमर्शियल LPG सिलेंडर की सप्लाई पर लगी रोक हटा दी है। पेट्रोलियम मंत्रालय ने शनिवार को जानकारी देते हुए बताया कि देश के 29 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में कॉमर्शियल गैस सिलेंडर का वितरण दोबारा शुरू कर दिया गया है।
गौरतलब है कि सरकार ने 9 मार्च को कॉमर्शियल LPG सिलेंडर की सप्लाई अस्थायी रूप से रोक दी थी, जिसके बाद कई शहरों में गैस की कमी देखने को मिली और होटल, रेस्टोरेंट तथा अन्य संस्थानों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
इस बीच पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय की जॉइंट सेक्रेटरी सुजाता शर्मा ने कहा कि दिल्ली-एनसीआर की इंडस्ट्रीज, होटल, रेस्टोरेंट और अन्य संस्थानों को फिलहाल एक महीने के लिए नेचुरल गैस के विकल्प के रूप में बायोमास से बने पेलेट्स के इस्तेमाल की अनुमति दी गई है। खासतौर पर रिफ्यूज डिराइव्ड फ्यूल (RDF) पेलेट्स का अस्थायी रूप से उपयोग करने को कहा गया है।
कॉमर्शियल गैस की कमी का असर कई राज्यों में देखने को मिला। उत्तर प्रदेश के कानपुर, गोरखपुर और कुशीनगर समेत कई जिलों में गैस एजेंसियों के बाहर लोगों की लंबी लाइनें लग गईं। कानपुर में 73 वर्षीय विष्णु कुमार मिश्रा, जो दिल के मरीज हैं, सुबह 6 बजे से लाइन में खड़े थे। लंबे इंतजार के कारण वे भावुक हो गए और रोने लगे।
वाराणसी में भी स्थिति का असर धार्मिक स्थलों तक पहुंचा। मां अन्नपूर्णा मंदिर की रसोई में शनिवार को चूल्हा नहीं जल पाया, जिसके कारण मंदिर की एक रसोई पूरी तरह ठप हो गई।
मुख्य बातें
• सरकार ने 9 मार्च को कॉमर्शियल LPG सिलेंडर की सप्लाई पर रोक लगाई थी, जिसे अब 5 दिन बाद हटा दिया गया है।
• दिल्ली-एनसीआर में एक महीने तक नेचुरल गैस के विकल्प के रूप में RDF बायोमास पेलेट्स के इस्तेमाल की अनुमति दी गई है।
• यूपी के कई शहरों में गैस एजेंसियों के बाहर लंबी लाइनें लगीं, वाराणसी के अन्नपूर्णा मंदिर की रसोई भी प्रभावित हुई।
यूपी दरोगा भर्ती परीक्षा में ‘पंडित’ वाला सवाल विवाद में, डिप्टी सीएम बोले— यह स्वीकार नहीं

उत्तर प्रदेश पुलिस की दरोगा भर्ती परीक्षा में पूछे गए एक सवाल को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। सामान्य हिंदी के प्रश्नपत्र में पूछे गए इस सवाल पर कई लोगों ने आपत्ति जताई है।
प्रश्नपत्र में 31वें नंबर पर पूछा गया था— “अवसर के हिसाब से बदल जाने वाले व्यक्ति को क्या कहा जाता है?” इसके लिए चार विकल्प दिए गए थे: सदाचारी, पंडित, अवसरवादी और निष्कपट।
सवाल में ‘पंडित’ को विकल्प के रूप में दिए जाने पर विवाद शुरू हो गया। कई लोगों ने इसे अनुचित बताते हुए आपत्ति जताई। मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम ने कहा कि इस तरह का प्रश्न स्वीकार नहीं किया जा सकता।
इस मुद्दे के सामने आने के बाद परीक्षा से जुड़े प्रश्नपत्र की समीक्षा की मांग भी उठने लगी है।
मुख्य बातें
• यूपी पुलिस दरोगा भर्ती परीक्षा के सामान्य हिंदी पेपर में एक सवाल को लेकर विवाद हुआ।
• सवाल में ‘अवसर के हिसाब से बदलने वाले’ के लिए विकल्पों में ‘पंडित’ भी दिया गया था।
• डिप्टी सीएम ने इस तरह के प्रश्न को अस्वीकार्य बताया और मामले पर आपत्ति जताई गई।
बिहार में सीएम नीतीश कुमार की सुरक्षा में चूक, हेलीपैड पर घुसा बैल; पुलिसकर्मियों को दौड़ाया

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार शनिवार को बेगूसराय दौरे पर पहुंचे थे। हालांकि उनके पहुंचने से पहले ही सुरक्षा व्यवस्था में बड़ी चूक सामने आई। समृद्धि यात्रा के तहत जिस हेलीपैड पर मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर उतरने वाला था, वहां अचानक एक बैल घुस गया।
बैल के हेलीपैड में घुसते ही वहां मौजूद पुलिसकर्मियों में अफरातफरी मच गई। बैल ने कई पुलिसवालों को दौड़ा लिया। इस दौरान खुद को बचाने के लिए एक पुलिसकर्मी फायर ब्रिगेड की गाड़ी के ऊपर चढ़ गया। बाद में किसी तरह बैल को वहां से हटाया गया और सुरक्षा व्यवस्था दोबारा बहाल की गई।
दूसरी ओर, कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के संबोधन में भी एक दिलचस्प स्थिति देखने को मिली। भाषण के दौरान कुछ महिलाएं कार्यक्रम स्थल से उठकर जाने लगीं। इस पर मुख्यमंत्री ने मंच से कहा, “अरे कहां भाग रहे हो, हम बंद कर दें क्या? कोई पीछे से भाग रहा है, कोई आगे से भाग रहा है। बैठिए अभी। हाथ उठाकर बताइए हम बोलें या नहीं। अब तो सब कुछ कर ही रहे हैं, फिर क्यों भाग रही हो। बैठिए और चुपचाप सुनिए।”
मुख्य बातें
• बेगूसराय में मुख्यमंत्री के हेलीपैड पर अचानक बैल घुस जाने से सुरक्षा व्यवस्था में चूक सामने आई।
• बैल ने मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों को दौड़ाया, एक जवान फायर ब्रिगेड की गाड़ी पर चढ़ गया।
• कार्यक्रम के दौरान कुछ लोगों के जाने पर सीएम नीतीश कुमार ने मंच से बैठकर भाषण सुनने की अपील की।
सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक पर से NSA हटाया गया, 170 दिन बाद जोधपुर जेल से रिहाई

केंद्र सरकार ने शनिवार को लद्दाख के सामाजिक कार्यकर्ता और इंजीनियर सोनम वांगचुक पर लगा नेशनल सिक्योरिटी एक्ट (NSA) हटा दिया। गृह मंत्रालय ने बताया कि यह आदेश तुरंत प्रभाव से लागू कर दिया गया है।
सरकार के अनुसार, सोनम वांगचुक ने NSA के तहत अपनी हिरासत की अवधि का लगभग आधा समय पूरा कर लिया था। इसके बाद नियमों के तहत उन्हें रिहा करने का फैसला लिया गया।
दरअसल, 24 सितंबर 2025 को लेह में हिंसा की घटना हुई थी, जो सोनम वांगचुक के अनशन के दौरान हुई थी। इस मामले में दो दिन बाद, 26 सितंबर को प्रशासन ने राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (NSA) के तहत वांगचुक को हिरासत में ले लिया था।
हिरासत में लेने के बाद उन्हें तुरंत लद्दाख से राजस्थान के जोधपुर जेल में शिफ्ट कर दिया गया था। सोनम वांगचुक करीब 170 दिनों से जोधपुर जेल में बंद थे, जिसके बाद अब उन्हें रिहा कर दिया गया है।
मुख्य बातें
• केंद्र सरकार ने सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक पर लगा NSA हटाने का फैसला लिया।
• लेह में 24 सितंबर 2025 को हुई हिंसा के बाद 26 सितंबर को उन्हें हिरासत में लिया गया था।
• करीब 170 दिन जोधपुर जेल में रहने के बाद अब उन्हें रिहा कर दिया गया।




















