नई दिल्ली में कांग्रेस मुख्यालय पर आयोजित कार्यक्रम में यूपी कांग्रेस प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने दिलाई सदस्यता, फ्लैट रजिस्ट्री समेत नोएडा के नागरिक मुद्दों को पार्टी के एजेंडे में शामिल करने की उठाई मांग।
AIN NEWS 1 नई दिल्ली। नोएडा की राजनीति में एक नई हलचल देखने को मिली है। नोएडा हाईराइज फेडरेशन (NHRF) के अध्यक्ष और मीडिया एवं जनसंपर्क क्षेत्र के उद्यमी निखिल सिंघल गुरुवार, 19 नवंबर को भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस में शामिल हो गए। नई दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय, 24 अकबर रोड पर आयोजित सदस्यता कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी एवं वरिष्ठ नेता राजेंद्र पाल गौतम ने उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई। इस दौरान कांग्रेस के सह-प्रभारी संजीव आर्य समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी मौजूद रहे।
निखिल सिंघल के साथ नोएडा से आए 100 से अधिक समर्थकों, युवाओं और विभिन्न पेशों से जुड़े लोगों ने भी कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। उनके साथ पूर्व मंडल उपाध्यक्ष दिनेश मिश्रा भी कांग्रेस में शामिल हुए। दिनेश मिश्रा वर्तमान में ब्राह्मण समाज महासंघ, गौतम बुद्ध नगर के जिलाध्यक्ष हैं।
नोएडा के नागरिक मुद्दों को लेकर सक्रिय रहे हैं निखिल सिंघल

निखिल सिंघल लंबे समय से नोएडा की हाईराइज सोसाइटियों और फ्लैट खरीदारों से जुड़े मुद्दों को उठाते रहे हैं। नोएडा हाईराइज फेडरेशन (NHRF) के अध्यक्ष के रूप में उन्होंने फ्लैटों की लंबित रजिस्ट्री, बिल्डर संबंधी समस्याओं, मेट्रो कनेक्टिविटी, सड़क, बिजली, पानी, सुरक्षा और प्रदूषण जैसे विषयों पर आवाज उठाई है।
इसके अलावा हाईराइज सोसाइटियों में लिफ्ट और फायर सेफ्टी से जुड़े मामलों को भी उन्होंने प्रमुखता से उठाया है। इससे पहले वह सेक्टर-119 स्थित एल्डेको आमंत्रण सोसाइटी की अपार्टमेंट ओनर्स एसोसिएशन (AOA) के अध्यक्ष रह चुके हैं। वह विगोर मीडिया वर्ल्डवाइड के संस्थापक भी हैं।
फ्लैट रजिस्ट्री को कांग्रेस के एजेंडे में शामिल करने की मांग
कांग्रेस में शामिल होने के बाद निखिल सिंघल ने कहा कि सार्वजनिक जीवन से उनका जुड़ाव हमेशा लोगों की समस्याओं को समझने और उनके समाधान के लिए प्रयास करने से रहा है। पिछले कई वर्षों में नोएडा के निवासियों के साथ काम करते हुए उन्होंने यहां के नागरिक मुद्दों को करीब से समझा है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस जैसे बड़े राजनीतिक मंच से जुड़कर उन्हें जनसेवा के अपने संकल्प को व्यापक स्तर पर आगे बढ़ाने का अवसर मिलेगा।
निखिल सिंघल ने नोएडा में लाखों फ्लैट खरीदारों की लंबित रजिस्ट्री को सबसे महत्वपूर्ण मुद्दों में से एक बताया। उन्होंने कहा कि लोग अपनी जीवनभर की कमाई लगाकर घर खरीदते हैं, लेकिन इसके बावजूद उन्हें वर्षों तक अपने ही घर की रजिस्ट्री के लिए संघर्ष करना पड़ता है। यह केवल संपत्ति का मामला नहीं, बल्कि मध्यमवर्गीय परिवारों के सम्मान और अधिकारों से जुड़ा विषय है।
उन्होंने मेट्रो कनेक्टिविटी, यातायात व्यवस्था, बिजली, पानी, प्रदूषण और हाईराइज सोसाइटियों में लिफ्ट एवं अग्निशमन सुरक्षा को भी नोएडा के प्रमुख नागरिक मुद्दे बताया।
कांग्रेस के मंच से उठाएंगे आम नागरिकों की आवाज
निखिल सिंघल ने कहा कि वह कांग्रेस पार्टी के मंच से नोएडा के इन मुद्दों को मजबूती से उठाएंगे। उनका प्रयास रहेगा कि आम नागरिकों, युवाओं, नौकरीपेशा लोगों, व्यापारियों और मध्यमवर्गीय परिवारों की समस्याएं सरकार और प्रशासन तक पहुंचें।
उन्होंने कहा कि वह पूरी निष्ठा के साथ नोएडा में कांग्रेस को मजबूत करने और पार्टी संगठन का विस्तार करने के लिए भी काम करेंगे।
सदस्यता कार्यक्रम के दौरान आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने कांग्रेस नेतृत्व से विशेष आग्रह किया कि नोएडा और आसपास के क्षेत्रों में लाखों फ्लैट खरीदारों की लंबित रजिस्ट्री के मुद्दे को पार्टी के प्रमुख राजनीतिक एजेंडे में शामिल किया जाए। उनका कहना था कि वर्षों से अपने फ्लैट की रजिस्ट्री का इंतजार कर रहे लोगों को उचित राजनीतिक मंच और समर्थन मिलना चाहिए।
शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के लोग रहे मौजूद
इस कार्यक्रम में नोएडा शहर के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। विभिन्न हाईराइज सोसाइटियों के AOA अध्यक्षों और सदस्यों ने भी कार्यक्रम में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
इस अवसर पर गौतम बुद्ध नगर कांग्रेस के जिलाध्यक्ष दीपक चोटीवाला और महानगर अध्यक्ष मुकेश यादव समेत कई पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहे।
उत्तर प्रदेश कांग्रेस प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने निखिल सिंघल पर विश्वास जताते हुए उम्मीद व्यक्त की कि उनके नेतृत्व और प्रयासों से नोएडा में कांग्रेस संगठन को मजबूती मिलेगी।
कार्यक्रम के अंत में निखिल सिंघल ने सदस्यता कार्यक्रम में शामिल हुए सभी शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंचे लोगों को धन्यवाद दिया।



















