Sunday, April 28, 2024

Morning News Brief: केजरीवाल 6 दिन की रिमांड पर; CSK ने RCB को हराया; मॉस्को में आतंकी हमला; मोदी को भूटान का सर्वोच्च नागरिक सम्मान

- Advertisement -

नमस्कार,

कल की बड़ी खबर दिल्ली शराब नीति केस की रही, अदालत ने अरविंद केजरीवाल को 6 दिन रिमांड पर भेजा है। मॉस्को में हुए आतंकी हमले में 40 से ज्यादा लोगों की मौत हुई है। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भूटान ने अपने सर्वोच्च नागरिक सम्मान से नवाजा है।

 

लेकिन कल की बड़ी खबरों से पहले आज के प्रमुख इवेंट्स, जिन पर रहेगी नजर…

 

  • विदेश मंत्री एस. जयशंकर सिंगापुर, फिलीपींस, मलेशिया की आधिकारिक यात्रा पर जाएंगे। 3 देशों का यह दौरा 27 मार्च तक चलेगा।
  • IPL में दो मैच होंगे। पहला मैच पंजाब किंग्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच और दूसरा मैच कोलकाता नाइट राइडर्स और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच कोलकाता में होगा।

 

अब कल की बड़ी खबरें…

1. शराब नीति केस में केजरीवाल 28 मार्च तक रिमांड पर, ED बोली- केजरीवाल शराब घोटाले के मास्टरमाइंड

 

दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने शराब नीति केस में CM अरविंद केजरीवाल को 6 दिन (28 मार्च तक) की ED रिमांड पर भेजा है। जांच एजेंसी ने 10 दिन की रिमांड मांगी थी। सुनवाई के दौरान ED ने केजरीवाल को शराब नीति केस का मास्टरमाइंड बताया था। साथ ही दावा किया कि इस केस से जुड़े कई इलेक्ट्रॉनिक सबूत मिटाए गए और फोन तोड़े जा चुके हैं। अदालत में जाते समय केजरीवाल ने कहा कि मेरा जीवन देश को समर्पित है।

 

ED ने कोर्ट में 28 पेजों की दलीलें पेश की: ED ने कोर्ट में 28 पेजों की दलीलें पेश कीं। जांच एजेंसी ने कहा कि केजरीवाल दिल्ली शराब नीति को बनाने में सीधे तौर पर शामिल थे। मनीष सिसोदिया ने भी इस मामले में मुख्य भूमिका निभाई। केजरीवाल ने रिश्वत लेने के लिए कुछ खासों लोगों का फेवर किया। इससे हुई इनकम का इस्तेमाल आम आदमी पार्टी ने गोवा चुनावों में किया था।

 

2873 करोड़ का नुकसान, 100 करोड़ घूस: शराब नीति केस में अब तक 6 चार्जशीट दाखिल हो चुकी हैं। केजरीवाल मामले में गिरफ्तार होने वाले 32वें आरोपी हैं। ED का दावा है कि शराब नीति से 2,873 करोड़ रु. का घाटा हुआ। आरोप है कि दक्षिण भारत के शराब कारोबारियों को फायदा पहुंचाने के लिए 136 करोड़ रु. की लाइसेंस फीस माफ की गई थी। इसके एवज में 100 करोड़ रु. लिए गए।

 

 

 

2. चेन्नई सुपरकिंग्स ने जीता IPL-2024 का ओपनिंग मैच, RCB को 6 विकेट से हराया

 

IPL के 17वें सीजन के पहले मुकाबले में चेन्नई सुपरकिंग्स ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को 6 विकेट से हरा दिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए RCB ने 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 173 रन बनाए। अनुज रावत ने सबसे ज्यादा 48 रन बनाए। विराट कोहली 20 बॉल पर 21 रन ही बना सके। जवाब में चेन्नई ने 18.4 ओवर में 4 विकेट खोकर टारगेट हासिल कर लिया। शिवम दुबे (34) और रवींद्र जडेजा (25) ने पांचवें विकेट के लिए नाबाद 66 रन जोड़े।

 

16 साल से CSK को घर में नहीं हरा सकी है RCB: CSK ने अपने घरेलू मैदान में RCB के खिलाफ कुल 9 मुकाबले खेले हैं। इसमें से RCB सिर्फ एक ही मुकाबला जीत सका है। 2008 यानी IPL के पहले एडिशन में RCB ने चेन्नई के घर में इकलौती जीत हासिल की थी। इसके बाद हुए लगातार 8 मुकाबलों में उसे हार का सामना करना पड़ा है। शुक्रवार को हुए मुकाबले से पहले दोनों टीम आखिरी बार 2019 में चेन्नई में भिड़ीं थीं।

 

बेंगलुरु पर भारी रही है चेन्नई: जहां एक तरफ CSK लीग की सबसे सफल टीम है, वहीं दूसरी तरफ RCB एक भी ट्रॉफी नहीं जीत सकी है। चेन्नई हेड टु हेड में भी बेंगलुरु पर भारी रही है। अब तक दोनों टीमों के बीच 32 मुकाबले खेले गए हैं। इसमें 21 बार चेन्नई और 10 बार बेंगलुरु को जीत मिली है। एक मैच नो रिजल्ट रहा है।

 

 

3. ISRO के रीयूजेबल लॉन्च व्हीकल की सफल लैंडिंग, 4.5 KM की ऊंचाई से पुष्पक रिलीज किया गया

ISRO ने रीयूजेबल लॉन्च व्हीकल पुष्पक की सफल लैंडिंग कराई। RLV LEX-02 को कर्नाटक के चित्रदुर्ग के एयरोनॉटिकल टेस्ट रेंज में हेलिकॉप्टर से 4.5 किमी की ऊंचाई तक ले जाया गया। इसके बाद रनवे पर ऑटोनॉमस लैंडिंग के लिए छोड़ा गया। नया RLV पिछली बार के RLV से करीब डेढ़ गुना बड़ा है।

 

अब रॉकेट लॉन्चिंग सस्ती होगी: इस टेक्नोलॉजी से रॉकेट लॉन्चिंग पहले से सस्ती होगी और किफायती स्पेस एक्सप्लोरेशन का रास्ता खुलेगा। सैटेलाइट को बेहद कम कीमत पर ऑर्बिट में स्थापित किया जा सकेगा। रीयूजेबल रॉकेट के पीछे का आइडिया स्पेसक्राफ्ट को लॉन्च करने के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले अल्ट्रा-एक्सपेंसिव रॉकेट बूस्टर को रिकवर करना है। ताकि फ्यूल भरने के बाद इनका फिर से इस्तेमाल किया जा सके।

 

 

4. एअर इंडिया पर ₹80 लाख का जुर्माना, एयरलाइन ने क्रू को पर्याप्त आराम नहीं दिया था

 

डायरेक्टरेट जनरल ऑफ सिविल एविएशन (DGCA) ने एअर इंडिया पर 80 लाख रुपए का जुर्माना लगाया है। यह जुर्माना फ्लाइट ड्यूटी टाइम लिमिटेशन्स (FDTL) और फटीग मैनेजमेंट सिस्टम (FMS) से संबंधित नियमों के उल्लंघन के लिए लगाया गया है। DGCA ने एअर इंडिया को कारण बताओ नोटिस भी जारी किया है।

 

ट्रेनिंग रिकॉर्ड भी गलत तरीके से मार्क किए: DGCA के मुताबिक, एअर इंडिया ने 60 साल से अधिक उम्र के दोनों फ्लाइट क्रू के साथ उड़ानें संचालित कीं, जो एयरक्राफ्ट रूल्स, 1937 का उल्लंघन है। अल्ट्रा-लॉन्ग रेंज (ULR) उड़ानों से पहले और बाद में क्रू को पर्याप्त आराम नहीं दिया गया। लेओवर पर भी पर्याप्त आराम में देने में कमी पाई गई। इसके अलावा ट्रेनिंग रिकॉर्ड भी गलत तरीके से मार्क किए गए।

 

 

5. मॉस्को में आतंकी हमला, 40 की मौत, कॉन्सर्ट हॉल में घुसे 5 हमलावरों ने फायरिंग की थी

रूस की राजधानी मॉस्को के एक कॉन्सर्ट हॉल में आतंकी हमला हुआ। क्रास्नोगोर्स्क इलाके के क्रोकस सिटी हॉल में म्यूजिक कॉन्सर्ट चल रहा था। 5 हमलावर ऑटोमैटिक वेपन्स के साथ बिल्डिंग में घुसे और गोलीबारी शुरू कर दी। हमले में 40 से ज्यादा लोग मारे गए, 100 से ज्यादा घायल हो गए। हमलावरों ने यहां बम धमाके भी किए, जिससे आग लग गई। हॉल के बेसमेंट से 100 से ज्यादा लोगों को रेस्क्यू किया गया।

 

अमेरिकी दूतावास ने हमले की चेतावनी दी थी: अमेरिकी एम्बैसी ने 8 मार्च को आतंकी हमले की आशंका को लेकर एक एडवाइजरी जारी की थी। इसमें रूस में मौजूद अमेरिकी नागरिकों को सार्वजनिक समारोहों में शामिल न होने को कहा गया था। एडवाइजरी में कहा गया था कि चरमपंथी मॉस्को में हमले की साजिश रच रहे हैं। इसलिए 48 घंटे तक किसी सार्वजनिक सभा या कॉन्सर्ट में न जाएं।

 

 

6. रुपया ऑल टाइम लो पर आया, डॉलर के मुकाबले 35 पैसे गिरकर 83.48 पर बंद हुआ

 

 

भारतीय रुपए में अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 35 पैसे की गिरावट देखने को मिली और यह 83.48 रुपए प्रति डॉलर पर बंद हुआ। यह ऑल टाइम लो है। इससे पहले 13 दिसंबर 2023 को डॉलर के मुकाबले रुपया 83.40 के अपने सबसे निचले स्तर पर बंद हुआ था।

 

रुपए के कमजोर होने की वजह: कमजोर यूरो और पाउंड के कारण अमेरिकी डॉलर मजबूत हुआ। साथ ही चीनी युआन की गिरावट ने रुपए पर दबाव डाला। इसके अलावा, बाजार में डॉलर की कमी हो गई, जिसका असर भी रुपए पर पड़ा है। चीनी युआन में गिरावट और डॉलर की मांग के कारण भारतीय रुपया शुक्रवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले अब तक के सबसे निचले स्तर पर पहुंच गया।

 

रुपया टूटने से क्या नुकसान होगा: रुपए में गिरावट का मतलब है कि भारत के लिए चीजों का इंपोर्ट महंगा होना है। पेट्रोलियम और सोने के दाम बढ़ेंगे। देश में विदेशी निवेश घटेगा। इसके अलावा विदेश में भारतीयों के लिए घूमना और पढ़ना भी महंगा होगा।

 

 

7. मोदी को भूटान का सर्वोच्च नागरिक सम्मान, PM बोले- यह भारत के 140 करोड़ लोगों को समर्पित

भूटान के राजा जिग्मे वांगचुक ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को वहां के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘ऑर्डर ऑफ ड्रूक ग्यालपो’ से नवाजा है। मोदी ने कहा कि वे इसे 140 करोड़ भारतीयों को समर्पित करते हैं। भूटान पहुंचने पर प्रधानमंत्री शेरिंग टोबगे ने मोदी का गले लगाकर कहा- ‘स्वागत है मेरे बड़े भाई।’ दौरे के पहले दिन दोनों देशों के बीच एनर्जी और स्पेस समेत बाकी सेक्टर्स से जुड़े 6 एग्रीमेंट साइन हुए।

 

भूटान दौरे में क्या खास है: मोदी भारत में आम चुनावों का ऐलान होने के बाद किसी विदेश दौरे पर जाने वाले पहले प्रधानमंत्री हैं। एक्सपर्ट्स के मुताबिक चुनाव से ठीक पहले भूटान जाकर मोदी ने पड़ोसी देश को उसकी अहमियत का एहसास कराने की कोशिश की है। 2014 में प्रधानमंत्री बनने के बाद मोदी पहली विदेश यात्रा के लिए भी भूटान पहुंचे थे। भूटान के प्रधानमंत्री टोबगे 5 दिन के लिए (14-18 मार्च) भारत आए थे। जनवरी 2024 में PM बनने के बाद यह उनकी पहली विदेश यात्रा थी।

- Advertisement -
Ads
AIN NEWS 1
AIN NEWS 1https://ainnews1.com
सत्यमेव जयते नानृतं सत्येन पन्था विततो देवयानः।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Advertisement
Polls
Trending
Rashifal
Live Cricket Score
Weather Forecast
Latest news
Related news
- Advertisement -
Heavy Rainfall in India, Various cities like Delhi, Gurgaon suffers waterlogging 1600 foot asteroid rushing towards earth nasa warns another 1500 foot giant also on way Best Drinks to reduce Belly Fat