Saturday, April 27, 2024

Morning News Brief: मोदी कैबिनेट से पशुपति पारस का इस्तीफा; पतंजलि विज्ञापन केस, SC का आदेश-रामदेव हाजिर हों; बदायूं कांड में आरोपी का एनकाउंटर

- Advertisement -

नमस्कार,

कल की बड़ी खबरें बदायूं में दो सगे नाबालिग भाइयों के हत्या की रही। हत्या करने वाले आरोपी की पुलिस ने देर रात एनकाउंटर में ढेर कर दिया। दूसरी खबर बिहार की राजनीति से रही।

मोदी कैबिनेट से पशुपति पारस ने इस्तीफा दे दिया है। वहीं पतंजलि विज्ञापन केस में सुप्रीम कोर्ट ने बाबा रामदेव को कोर्ट में हाजिर होने के आदेश दिए हैं।

कल की बड़ी खबरों से पहले आज के प्रमुख इवेंट्स, जिन पर रहेगी नजर…

  • नमामि गंगे प्रोजेक्ट के मैनेजर की किडनैपिंग मामले में जेल में बंद पूर्व सांसद धनंजय सिंह मामले में जौनपुर कोर्ट में सुनवाई होनी है।
  • श्रीकृष्ण जन्मभूमि-शाही ईदगाह मामले में आज हाईकोर्ट में सुनवाईः हिंदू पक्ष रखेगा अपनी बात, एएसआई सर्वे की मांग पर होगी बहस
  •  21 राज्यों की 102 लोकसभा सीटों पर आज से नामांकन शुरू होगा। इसमें तमिलनाडु की 39, राजस्थान की 12, मध्य प्रदेश की 6 और यूपी की 8 सीटें शामिल हैं।
  • दिल्ली के CM अरविंद केजरीवाल ने ED के सभी समन को अदालत में चुनौती दी है। दिल्ली हाईकोर्ट इस मामले पर आज सुनवाई करेगी।

अब तक की बड़ी खबरें…

1. शाम को दो भाइयों की हत्या… रात में आरोपी का एनकाउंटर, गुस्साए लोगों ने दुकानें-बाइकें तोड़ीं

बदायूं में मंगलवार 19 मार्च देर शाम दो सगे भाइयों की हत्या कर दी गई। वारदात को मंडी पुलिस चौकी से चंद कदम की दूरी पर अंजाम दिया गया। आरोपियों ने उस्तरे से हमला कर दोनों बच्चों को काट डाला। डबल मर्डर के बाद घरवालों और ग्रामीणों ने जमकर हंगामा किया। बाइक और दुकान में तोड़फोड़ की।

पुलिस ने एक्शन लेते हुए एक आरोपी साजिद को एनकाउंटर में ढेर कर दिया है। बदायूं के एसएसपी आलोक प्रियदर्शी ने बताया कि पुलिस की 4 टीमें आरोपियों को घेराबंदी में लगी थीं। रात में एक संदिग्ध को पुलिस टीम ने पकड़ने का प्रयास किया। उसने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी फायरिंग में एक बदमाश को गोली लगी।

2. सुप्रीम कोर्ट ने कहा- सरकार CAA पर 3 हफ्ते में जवाब दे, 9 अप्रैल को अगली सुनवाई

सुप्रीम कोर्ट में नागरिकता संशोधन कानून (CAA) के खिलाफ दाखिल 237 याचिकाओं पर सुनवाई हुई। इनमें से 20 में CAA पर रोक लगाने की मांग की गई है। सरकार ने जवाब दाखिल करने के लिए अदालत से 4 हफ्ते का समय मांगा। हालांकि कोर्ट ने 3 हफ्ते का समय दिया है। मामले की अगली सुनवाई 9 अप्रैल को होगी। याचिकाकर्ता ने अदालत से मांग की है कि केंद्र के जवाब देने तक नई नागरिकता नहीं दी जाए। ऐसा कुछ होता है तो हम फिर कोर्ट आएंगे।

अर्जी में CAA को मुस्लिम विरोधी बतायाः केंद्र सरकार ने 11 मार्च को देशभर में CAA लागू किया था। इसके खिलाफ दाखिल अर्जी में दलील दी गई है कि यह कानून मुस्लिमों से भेदभाव करता है और भारतीय संविधान के खिलाफ है। हालांकि गृह मंत्रालय ने कहा है कि 18 करोड़ भारतीय मुसलमानों को किसी भी हालत में CAA से डरने की जरूरत नहीं है। इससे उनकी नागरिकता और समुदाय पर कोई असर नहीं पड़ेगा। वे भारत में रहने वाले हिंदुओं की तरह ही अपने अधिकारों का इस्तेमाल कर सकते हैं।

3. पशुपति पारस का मोदी कैबिनेट से इस्तीफा, कहा- NDA में मेरे साथ नाइंसाफी हुई

रालोजपा अध्यक्ष पशुपति पारस ने केंद्रीय मंत्री के पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने कहा कि NDA में मेरे साथ नाइंसाफी हुई। अब मैं तय करूंगा कि कहां जाना है। दरअसल, 18 मार्च को बिहार NDA में सीट शेयरिंग पर सहमति बनी थी। इसमें भाजपा को 17, जदयू को 16 और चिराग पासवान की लोजपा (R) को 5 सीटें मिली थीं। पशुपति पारस की पार्टी को एक भी सीट नहीं मिली। सूत्रों के मुताबिक, पारस राजद के संपर्क में हैं।

NDA के खिलाफ चुनाव लड़ेंगेः पशुपति पारस ने पहले ही कह दिया है कि वो हर हाल में हाजीपुर सीट से चुनाव लड़ेंगे। अब एनडीए में ये सीट उनके भतीजे चिराग को मिली है। पशुपति पारस 2019 में हाजीपुर सीट से लोकसभा से सांसद बने थे। इसके बाद PM मोदी ने उन्हें केंद्रीय मंत्रिमंडल में जगह दी, लेकिन 2024 में होने जा रहे लोकसभा के चुनाव में भाजपा ने भतीजे चिराग पासवान को तरजीह दी।

4. लखनऊ में GST के डिप्टी कमिश्नर घूस लेते गिरफ्तार, विजिलेंस ने 2 लाख लेते रंगे हाथ पकड़ा

लखनऊ में विजिलेंस ने जीएसटी के डिप्टी कमिश्नर धनेंद्र कुमार पांडेय को घूस लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। मंगलवार शाम को विजिलेंस टीम सेल्स टैक्स मुख्यालय पहुंची और धनेंद्र पांडेय को 2 लाख रुपए लेते गिरफ्तार कर लिया।

एडम डाटा सर्विसेज ने धनेंद्र कुमार के खिलाफ विजिलेंस से शिकायत की थी। बताया था कि डिप्टी कमिश्नर घूस मांग रहे हैं। विजिलेंस की टीम प्लानिंग के साथ सेल्स टैक्स मुख्यालय पहुंची और धनेंद्र को रंगे हाथ पकड़ लिया। उसके बाद गिरफ्तार कर अपने साथ ले गई।

5. सुप्रीम कोर्ट ने रामदेव से हाजिर होने को कहा, पूछा- अवमानना का केस क्यों ना चलाया जाए?

सुप्रीम कोर्ट ने पतंजलि आयुर्वेद के गुमराह करने वाले दवा विज्ञापन मामले में योग गुरु रामदेव और पतंजलि के MD आचार्य बालकृष्ण को कोर्ट में पेश होने को कहा है। रामदेव पतंजलि के को-फाउंडर हैं। कोर्ट ने 27 फरवरी को पतंजलि आयुर्वेद के कुछ विज्ञापनों पर रोक लगाते हुए कारण बताओ नोटिस जारी किया था। जवाब न देने पर कोर्ट ने हाजिर होने का आदेश दिया है। कोर्ट ने यह भी पूछा है कि रामदेव के खिलाफ क्यों न अवमानना की कार्यवाही शुरू की जाए।

दो साल से चल रही सुनवाईः अदालत इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) की ओर से 17 अगस्त 2022 को दाखिल याचिका पर सुनवाई कर रही है। कोर्ट ने 21 नवंबर 2023 को पतंजलि को ऐसे विज्ञापन नहीं देने का निर्देश दिया था। हालांकि कंपनी ने इसे नजरअंदाज किया। अदालत ने 27 फरवरी 2024 को कहा था, ‘पतंजलि भ्रामक दावे करके देश को धोखा दे रही है कि उसकी दवाएं कुछ बीमारियों को ठीक कर देंगी, जबकि इसका कोई ठोस प्रमाण नहीं है।’ साथ ही सरकार से पूछा था कि पतंजलि के विज्ञापनों के खिलाफ सरकार ने क्या कार्रवाई की है।

6. बागेश्वर वाले धीरेंद्र शास्त्री के दरबार में भगदड़ जैसे हालात, पुलिस और बाउंसरों की पब्लिक से धक्का-मुक्की

मुरादाबाद में बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र शास्त्री के दरबार में मंगलवार को भगदड़ जैसे हालात बन गए। दरबार में शामिल होने के लिए भारी भीड़ उमड़ी। रेलिंग को तोड़कर भीड़ अंदर घुस गई। इसके बाद पुलिस और बाउंसरों की पब्लिक से धक्का-मुक्की हो गई।

यहां पंडित धीरेंद्र शास्त्री श्री हनुमंत कथा सुना रहे हैं। उनका कार्यक्रम सोमवार को शुरू हुआ और कल यानी बुधवार तक चलेगा। बागेश्वर बाबा के दरबार का आयोजन नया मुरादाबाद में किया गया है। यहां भारी तादाद में पब्लिक दरबार में शामिल होने के लिए उमड़ी है।

7. पं बंगाल की 12 सीटों पर कांग्रेस उम्मीदवार तय; TMC सभी 42 सीटों पर प्रत्याशी उतार चुकी है

लोकसभा चुनाव की तीसरी लिस्ट को लेकर दिल्ली में कांग्रेस की केंद्रीय चुनाव समिति (CEC) की बैठक हुई। न्यूज एजेंसी ANI के सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस ने पश्चिम बंगाल की 12 सीटों के लिए अपने उम्मीदवारों के नाम तय कर लिए हैं। अधीर रंजन चौधरी को टिकट मिलना तय माना जा रहा है। उधर, TMC 10 मार्च को राज्य की सभी 42 लोकसभा सीटों के लिए उम्मीदवार घोषित कर चुकी है। कांग्रेस ने अपनी पहली लिस्ट में 39 और दूसरी लिस्ट में 43 उम्मीदवार घोषित किए थे।

CEC की मीटिंग में नहीं पहुंचे राहुल गांधी: राहुल गांधी लगातार तीसरी बार CEC की बैठक में शामिल नहीं हुए। इससे पहले दूसरी बैठक में भी वो शामिल नहीं हुए थे, जबकि भारत जोड़ो न्याय यात्रा में ब्रेक लेने के बाद वो उस समय दिल्ली में ही थे। उम्मीदवारों के चयन के लिए जब CEC की पहली बैठक हुई थी तब राहुल गांधी यात्रा में थे, इसलिए शामिल नहीं हो सके।

8. ऋषभ पंत IPL में दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान होंगे, टीम के चेयरमैन ने इसकी घोषणा की

ऋषभ पंत IPL 2024 में दिल्ली कैपिटल्स (DC) के कप्तान होंगे। DC के चेयरमैन पार्थ जिंदल ने इसकी जानकारी दी है। पंत 14 महीने बाद प्रोफेशनल क्रिकेट में वापसी कर रहे हैं। 31 दिसंबर 2022 को दिल्ली से रुड़की जाते वक्त पंत का एक्सीडेंट हो गया था। इसके बाद उनकी सर्जरी हुई थी। इस कारण वे 2023 सीजन भी नहीं खेल सके थे। पिछले हफ्ते ही पंत को NCA से फिटनेस क्लियरेंस मिला है।

विकेटकीपिंग पर फैसला नहीं: पंत के विकेटकीपिंग करने पर संशय अभी बना हुआ है। पार्थ जिंदल या टीम मैनेजमेंट में से किसी ने भी पंत के विकेटकीपिंग करने पर कोई बात नहीं की है। हालांकि कुछ दिन पहले उन्होंने विकेटकीपिंग और एक्सरसाइज करते हुए इंस्टाग्राम पर वीडियो पोस्ट किया था।

9. सिद्धू की 6 साल बाद क्रिकेट कॉमेंट्री में वापसी, IPL के पहले मैच से करेंगे शुरुआत

कांग्रेस नेता नवजोत सिंह सिद्धू IPL 2024 में कॉमेंट्री करते नजर आएंगे। शुरुआत 22 मार्च को होने वाले पहले मैच से होगी। स्टार स्पोर्ट्स ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इसकी जानकारी दी। लिखा- ‘सरदार ऑफ कॉमेंट्री बॉक्स इज बैक’। सिद्धू ने इस ट्वीट को शेयर किया है। उन्होंने साल 2018 में आखिरी बार क्रिकेट मैच में कॉमेंट्री की थी।

सिद्धू 17 साल तक नेशनल टीम में रहेः सिद्धू 1983 से 1999 तक टीम इंडिया का हिस्सा रहे। उन्होंने वेस्टइंडीज के खिलाफ पहला टेस्ट मैच खेला। सिद्धू ने कुल 51 टेस्ट मैच और 136 वनडे मैच खेले हैं। टेस्ट में 3,202 और वनडे में 4,413 रन बनाए हैं। करीब 17 साल क्रिकेट खेलने के बाद 1999 में उन्होंने क्रिकेट से संन्यास ले लिया। पंजाब सरकार में मंत्री बनने के बाद वह कॉमेंट्री पैनल से बाहर हो गए। इसके बाद उन्होंने अपने सारे टीवी शो भी छोड़ दिए थे।

10. दिल्ली सबसे प्रदूषित हवा वाली राजधानी, खराब हवा के मामले में भारत तीसरे नंबर पर

स्विस ऑर्गेनाइजेशन IQ एयर ने वर्ल्ड एयर क्वालिटी रिपोर्ट 2023 जारी की है। इसके मुताबिक, नई दिल्ली सबसे प्रदूषित हवा वाली राजधानी रही। 2018 के बाद ऐसा लगातार चौथी बार हुआ है। 134 देशों की लिस्ट में भारत 2023 में तीसरा सबसे प्रदूषित हवा वाला देश रहा। वहीं पाकिस्तान दूसरे नंबर पर है। रिपोर्ट के मुताबिक, भारत की 96% आबादी ऐसी हवा में रहती है, जिसमें PM 2.5 का स्तर WHO के एनुअल स्टैंडर्ड से 7 गुना ज्यादा है

PM 2.5 क्या है: PM यानी पार्टिकुलेट मैटर है, इनका डायमीटर (व्यास) 2.5 माइक्रोमीटर या उससे कम होता है। यह बेहद छोटे कण होते हैं, जो हवा की गुणवत्ता को खराब करते हैं। भारत में पिछले साल PM 2.5 का औसत स्तर 1 क्यूबिक मीटर में 54.4 माइक्रोग्राम रहा। यह WHO के पैमाने से 10 गुना ज्यादा था।

- Advertisement -
Ads
AIN NEWS 1
AIN NEWS 1https://ainnews1.com
सत्यमेव जयते नानृतं सत्येन पन्था विततो देवयानः।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Advertisement
Polls
Trending
Rashifal
Live Cricket Score
Weather Forecast
Latest news
Related news
- Advertisement -
Heavy Rainfall in India, Various cities like Delhi, Gurgaon suffers waterlogging 1600 foot asteroid rushing towards earth nasa warns another 1500 foot giant also on way Best Drinks to reduce Belly Fat