Sunday, April 28, 2024

Morning News Brief: देशभर में पेट्रोल-डीजल ₹2 सस्ता; अश्लील कंटेंट दिखाने वाले 18 OTT प्लेटफॉर्म बैन; 2029 में एक साथ चुनाव कराने की सिफारिश

- Advertisement -

कल की बड़ी खबर फ्यूल की कीमतों से जुड़ी रही, लोकसभा चुनाव से पहले पेट्रोलियम कंपनियों ने पेट्रोल-डीजल के दाम 2 रुपए प्रति लीटर घटा दिए हैं। एक खबर ‘वन नेशन वन इलेक्शन’ की रही, इसके लिए बनाई गई कमेटी ने 2029 में देशभर में लोकसभा और विधानसभा चुनाव एक साथ कराने की सिफारिश की है।

 

लेकिन कल की बड़ी खबरों से पहले आज के प्रमुख इवेंट्स, जिन पर रहेगी नजर…

 

1. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हैदराबाद में रोड शो करेंगे। इसके बाद केरल के पलक्कड़ में भाजपा का प्रचार करेंगे।

 

2. विमेंस प्रीमियर लीग (WPL) में मुंबई इंडियन्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच मुकाबला होगा।

 

अब तक की बड़ी खबरें…

 

1. देश में पेट्रोल और डीजल 2 रुपए सस्ता हुआ, 22 महीने बाद दाम घटाए गए

लोकसभा चुनाव से पहले पेट्रोलियम कंपनियों ने पेट्रोल-डीजल के दामों में 2 रुपए प्रति लीटर की कटौती की है। दिल्ली में अब पेट्रोल 94.72 रुपए, भोपाल में 106.65 रुपए और कोलकाता में 100.75 रुपए में मिलेगा। राजस्थान सरकार ने भी पेट्रोल- डीजल पर लगने वाले वैट में 2% की कटौती की है। राज्य के हर जिले में फ्यूल के दाम कम से कम 3 रुपए तक घट जाएंगे। हर जिले में अब फ्यूल की कीमत भी एक समान होगी। राजस्थान के पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन ने वैट में कटौती की मांग को लेकर 10 और 11 मार्च को हड़ताल की थी।

 

कैसे तय होती हैं कीमतें: जून 2010 तक सरकार पेट्रोल की कीमत निर्धारित करती थी और हर 15 दिन में इसे बदला जाता था। 26 जून 2010 के बाद सरकार ने पेट्रोल की कीमतों का निर्धारण ऑयल कंपनियों के ऊपर छोड़ दिया। इसी तरह 19 अक्टूबर 2014 से डीजल की कीमत भी ऑयल कंपनियां ही तय करती हैं। ऑयल कंपनियां इंटरनेशनल मार्केट में कच्चे तेल की कीमत, एक्सचेंज रेट, टैक्स, ट्रांसपोर्टेशन का खर्च और बाकी कई चीजों को ध्यान में रखते हुए रोजाना फ्यूल की कीमतें निर्धारित करती हैं।

 

2. अश्लील कंटेंट दिखाने वाले 18 OTT प्लेटफॉर्म बैन, 19 वेबसाइट और 10 ऐप भी ब्लॉक किए गए

 

केंद्र सरकार ने अश्लील कंटेंट परोसने वाले 18 OTT प्लेटफॉर्म्स पर बैन लगा दिया है। साथ ही 19 वेबसाइट्स, 10 ऐप्स और 57 सोशल मीडिया हैंडल्स भी ब्लॉक किए गए हैं। बैन किए गए इन OTT ऐप्स को कई बार चेतावनी दी गई थी, इसके बावजूद इन्होंने कंटेंट में सुधार नहीं किया था। सरकार के मुताबिक, 18 OTT ऐप्स में से एक ऐप को 1 करोड़ से ज्यादा डाउनलोड मिल चुके थे।

 

क्यों बैन लगाया गयाः सरकार के मुताबिक, इनके कंटेंट में अश्लीलता थी। कई जगह महिलाओं को अपमानजनक तरीके से दिखाया जाता था। स्टूडेंट और टीचर के रिश्तों के अलावा पारिवारिक रिश्तों को भी गलत तरीके से पेश किया जाता था।

 

3. EC ने इलेक्टोरल बॉन्ड का डेटा जारी किया, 763 पेजों की दो लिस्ट वेबसाइट पर अपलोड की

चुनाव आयोग ने इलेक्टोरल बॉन्ड का सारा डेटा अपनी वेबसाइट पर जारी कर दिया। वेबसाइट पर 763 पेजों की दो लिस्ट अपलोड की गई हैं। एक लिस्ट में बॉन्ड खरीदने वालों की जानकारी है। दूसरी में राजनीतिक दलों को मिले बॉन्ड की डिटेल है। 12 अप्रैल 2019 से 15 फरवरी 2024 तक 1 लाख, 10 लाख और 1 करोड़ रुपए के 22 हजार 217 इलेक्टोरल बॉन्ड खरीदे गए हैं। सुप्रीम कोर्ट ने चुनाव आयोग को 15 मार्च तक यह डेटा सार्वजनिक करने का आदेश दिया था।

 

सबसे ज्यादा चंदा किसकाः राजनीतिक पार्टियों को सबसे ज्यादा चंदा देने वाली कंपनी फ्यूचर गेमिंग और होटल सर्विसेज पीआर है, जिसने ₹1,368 करोड़ के बॉन्ड खरीदे। दूसरे नंबर पर मेघा इंजीनियरिंग एंड इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड है, जिसने 966 करोड़ रुपए का बॉन्ड खरीदा। तीसरे नंबर पर 410 करोड़ के साथ बॉन्ड क्विक सप्लाई चेन प्राइवेट लिमिटेड, वेदांता लिमिटेड 400 करोड़ के साथ चौथे नंबर पर और हल्दिया एनर्जी लिमिटेड 377 करोड़ के साथ 5वें नंबर पर है।

 

 

4. ममता के माथे और नाक पर 4 टांके लगे, डॉक्टर बोले- बंगाल CM को किसी ने धक्का दिया था

पश्चिम बंगाल की CM ममता बनर्जी कोलकाता स्थित अपने घर में गिरने से गंभीर रूप से चोटिल हो गईं। TMC ने बताया कि उनके माथे पर गंभीर और गहरी चोट आई। इसके बाद भतीजे अभिषेक बनर्जी उन्हें SSKM अस्पताल ले गए। यहां उनके माथे पर तीन और नाक पर एक, सहित कुल 4 टांके लगे हैं। हालत स्थिर होने पर डॉक्टरों ने ममता को रात में ही डिस्चार्ज कर दिया।

 

ममता के चोटिल होने को लेकर कई तरह के सवाल उठ रहे हैं। SSKM अस्पताल के डायरेक्टर मणिमोय बंद्योपाध्याय ने अपने मेडिकल बुलेटिन में कहा है कि बंगाल CM को किसी ने पीछे से धक्का दिया था, जिसके कारण वह गिर गईं। सवाल यह है कि सुरक्षा प्रोटोकॉल के बीच CM ममता के बेडरूम में कौन घुसा था, जबकि उनके पास जेड प्लस सुरक्षा है।

 

 

5. 2029 में ‘वन नेशन वन इलेक्शन’ की सिफारिश, कोविंद कमेटी ने राष्ट्रपति को रिपोर्ट सौंपी

 

वन नेशन वन इलेक्शन पर विचार के लिए बनाई गई पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद की अध्यक्षता वाली कमेटी ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को रिपोर्ट सौंपी है। इसमें 2029 में लोकसभा और विधानसभा चुनाव साथ कराने की सिफारिश की गई है। रिपोर्ट के मुताबिक, ‘एक देश, एक चुनाव’ पर कमेटी ने 62 पार्टियों से संपर्क साधा था। 32 पार्टियों ने एक साथ चुनाव कराने का समर्थन किया, 15 ने विरोध किया और 15 पार्टियों ने जवाब नहीं दिया।

 

किसने विरोध कियाः कांग्रेस, AAP, बसपा और CPI-M ने एक देश, एक चुनाव प्रस्ताव का विरोध किया, जबकि भाजपा और नेशनल पीपुल्स पार्टी ने समर्थन किया। हाईकोर्ट के 9 पूर्व चीफ जस्टिस ने प्रस्ताव का समर्थन किया, जबकि HC के 3 चीफ जस्टिस ने एक देश, एक चुनाव के प्रस्ताव का विरोध किया।

 

18,626 पन्नों की रिपोर्ट: वन नेशन वन इलेक्शन पैनल का गठन 2 सितंबर 2023 को किया गया था। 18,626 पन्नों की रिपोर्ट में कहा गया है- यह रिपोर्ट स्टेकहोल्डर्स-एक्सपर्ट्स से चर्चा के बाद 191 दिन की रिसर्च का नतीजा है।

 

 

6. केजरीवाल के घर के बाहर शरणार्थियों का प्रदर्शन, CM बोले- पाकिस्तानियों ने हंगामा किया

केजरीवाल के CAA पर दिए बयान से नाराज हिंदू और सिख शरणार्थियों ने उनके आवास के सामने विरोध-प्रदर्शन किया। इसमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल थे। इस पर केजरीवाल ने फिर वही बयान दोहराया और कहा कि कुछ पाकिस्तानियों ने मेरे घर के सामने प्रदर्शन और हुड़दंग किया। दिल्ली पुलिस और भाजपा इन्हें संरक्षण दे रही है। CAA के बाद ये पाकिस्तानी पूरे देश में फैल जाएंगे और इसी तरह हमारे ही मुल्क के लोगों को हड़काएंगे और हुड़दंग करेंगे।

 

एक दिन पहले का बयान: केजरीवाल ने 13 मार्च को एक वीडियो जारी करके कहा था, ‘भाजपा हमारे बच्चों को नौकरी नहीं दे सकती, लेकिन वह पाकिस्तान के बच्चों को नौकरी देना चाहती है। हमारे कई लोग बेघर हैं, लेकिन BJP पाकिस्तान से आए लोगों को यहां बसाना चाहती है। वे पाकिस्तानियों को हमारे वाजिब घरों में बसाना चाहते हैं।’

 

 

7. स्टारशिप की लॉन्चिंग करीब-करीब सक्सेसफुल, पृथ्वी के वातावरण में रीएंट्री पर संपर्क टूटा

दुनिया के सबसे ताकतवर रॉकेट स्टारशिप की लॉन्चिंग करीब- करीब सक्सेसफुल रही। इसे टेक्सास के बोका चिका से लॉन्च किया गया था। स्टारशिप को स्पेस में ले जाने के बाद हिंद महासागर में लैंड करना था, लेकिन पृथ्वी के वातावरण में रीएंट्री के बाद जब रॉकेट 65 Km ऊपर था, तब उसका संपर्क टूट गया। यह स्टारशिप का तीसरा टेस्ट था। इससे पहले 20 अप्रैल 2023 और 18 नवंबर 2023 को दो प्रयास असफल हो चुके हैं।

 

इंसानों को मंगल पर ले जाएगा स्टारशिपः एलन मस्क की कंपनी स्पेसएक्स ने इस रॉकेट को बनाया है। स्टारशिप की ऊंचाई 397 फीट है। ये पूरी तरह से रीयूजेबल है और 150 मीट्रिक टन भार ले जाने में सक्षम है। मस्क 2029 तक इंसानों को मंगल ग्रह पर पहुंचाकर वहां कॉलोनी बसाना चाहते हैं। इसके लिए स्टारशिप की लॉन्चिंग अहम है। यह इंसानों को दुनिया के किसी भी कोने में एक घंटे से भी कम समय में पहुंचाने में सक्षम होगा। स्टारशिप 100 लोगों को एक साथ मंगल ग्रह पर ले जा सकेगा।

 

 

8. MP की कैबिनेट मीटिंग, चार प्रमुख धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालुओं को रोप वे सुविधा मिलेगी

मध्य प्रदेश की कैबिनेट की बैठक में अहम फैसलों को मंजूरी दी गई है। उज्जैन रेलवे स्टेशन से महाकाल मंदिर समेत मध्यप्रदेश के चार प्रमुख धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालुओं को रोप वे सुविधा मिलेगी। जबलपुर में एंपायर सेंटर से गुरुद्वारा वाया रामपुर चौक और सिविक सेंटर से बल्देव बाग वाया मालवीय चौक। सागर के रहली में टिकीटोरिया से टिकी ग्राम पंचायत के पास आईटीआई तक रोप वे बनाए जाएंगे। चित्रकूट का विकास अयोध्या की तर्ज पर करने के लिए चित्रकूट विकास प्राधिकरण बनेगा। इसके अलावा यूनिवर्सिटी के कर्मचारियों को 7वें वेतन आयोग के आधार पर पेंशन दी जाएगी।

 

धार्मिक यात्राओं के लिए हवाई सर्किट बनेगाः नगरीय विकास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा, ‘प्रदेश में धार्मिक यात्राओं के लिए हवाई सर्किट बन रहा है। इंदौर को केंद्र बनाते हुए उज्जैन और ओंकारेश्वर के लिए हवाई सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। ग्वालियर और जबलपुर के लिए भी यह सेवा शुरू हो चुकी है। इसका विस्तार सागर, रीवा, रतलाम समेत अन्य जगहों पर किया जाएगा। जहां-जहां हवाई पट्टी और यात्रियों की उपलब्धता होगी, वहां यह सुविधा मिलेगी।’

- Advertisement -
Ads
AIN NEWS 1
AIN NEWS 1https://ainnews1.com
सत्यमेव जयते नानृतं सत्येन पन्था विततो देवयानः।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Advertisement
Polls
Trending
Rashifal
Live Cricket Score
Weather Forecast
Latest news
Related news
- Advertisement -
Heavy Rainfall in India, Various cities like Delhi, Gurgaon suffers waterlogging 1600 foot asteroid rushing towards earth nasa warns another 1500 foot giant also on way Best Drinks to reduce Belly Fat